फिल्मी कलाकारों को भी बुलाए जाने का चलन कई बार विवाद की स्थिति भी बन जाती है
बिहार में आज विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान चल रहा है। बीते कुछ वर्षों में चुनाव प्रचार में फिल्मी कलाकारों को भी बुलाए जाने का चलन शुरू हुआ है। कई बार इनके साथ विवाद की स्थिति भी बन जाती है।
- ऐसी ही एक घटना सामने आई है। इसमें अभिनेत्री अमीषा पटेल प्रचार के लिए आईं थीं। अमीषा ने यहां औरंगाबाद की ओबरा सीट के लोजपा प्रत्याशी डॉ. प्रकाश चंद्रा के लिए चुनाव प्रचार किया था। लेकिन प्रचार के बाद अमीषा ने प्रकाश चंद्रा पर सनसनीखेज आरोप लगा दिए।
- उन्होंने कहा कि प्रकाश चंद्रा ने जबरन चुनाव प्रचार करने का दबाव बनाया और भीड़ के बीच भेजना चाहा। अमीषा ने कहा कि भीड़ उनके कपड़े फाड़ सकती थी और उनके साथ दुष्कर्म भी हो सकता था।
- अमीषा ने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान हजारों लोगों की भीड़ पागलों की तरह गाड़ी पर टूट रही थी। डॉ. चंद्रा ने इसी दौरान उनपर जबरन भीड़ में जाने का दबाव बनाया। वहां भीड़ कपड़े उछालने के लिए तैयार दिख रही थी। उस माहौल में उनके साथ दुष्कर्म तक हो सकता था।
- अमीषा पटेल का कहना है कि बिहार पहुंचने के बाद डॉ. प्रकाश चंद्रा ने उन्हें जबरन चुनाव प्रचार कराने के लिए ब्लैकमेल किया। बताया कि चुनाव प्रचार पटना के नजदीक करना है, लेकिन उन्हें पटना से काफी दूर ओबरा ले जाया गया।
- अमीषा ने बताया कि उन्हे शाम की फ्लाइट से मुंबई वापस जाना था, लेकिन LJP प्रत्याशी ने गांव में ही अकेला छोड़ कर चले जाने की धमकी देकर जबरन चुनाव प्रचार कराया। अमीषा ने कहा कि चुनाव प्रचार के बाद वे करीब आठ बजे वापस अपने होटल लौट सकीं। होटल में वे न तो कुछ खा सकीं, न ही उन्हें नींद आई। बिहार का उनका पूरा अनुभव बेहद बुरा रहा।